साईडलुक, डेस्क। भारतीय नौसेना का जहाज संध्याक सिंगापुर के राष्ट्रीय दिवस 9 अगस्त, 2025 के महत्वपूर्ण अवसर पर तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचा। यह अत्याधुनिक जल सर्वेक्षण क्षमता वाला पहला स्वदेशी सर्वेक्षण का बड़ा (एसवीएल) पोत है। संध्याक की यह यात्रा क्षेत्रीय समुद्री सहयोग के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है और भारतीय नौसेना तथा सिंगापुर की समुद्री एजेंसियों के बीच द्विपक्षीय जल सर्वेक्षण संबंधों को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह यात्रा भारतीय नौसेना के हाइड्रोग्राफिक विभाग ढांचे के तहत समुद्री कूटनीति और क्षेत्रीय हाइड्रोग्राफिक क्षमता निर्माण में भारत के बढ़ते नेतृत्व को भी प्रदर्शित करती है।
आईएनएस संध्याक को फरवरी, 2024 में माननीय रक्षा मंत्री की उपस्थिति में कमीशन किया गया था। इस जहाज में पूर्ण पैमाने पर तटीय और गहरे पानी का सर्वेक्षण करने की क्षमता है। यह हेलीकॉप्टर और अस्पताल कार्यों के साथ एसएआर व मानवीय संचालन करने में सक्षम है।
जहाज की सिंगापुर की पहली यात्रा का उद्देश्य तकनीकी व व्यावसायिक आदान-प्रदान और सतत जल सर्वेक्षण सहायता को सुविधाजनक बनाना है।
इस यात्रा के दौरान प्रमुख गतिविधियों में सिंगापुर के सहायक मुख्य हाइड्रोग्राफर गैरी च्यू से मुलाकात और कमांडिंग ऑफिसर द्वारा रॉयल सिंगापुर नेवी (आरएसएन) के 9वें फ्लोटिला के कमांडर कर्नल चौआह मेंग सून से शिष्टाचार भेंट शामिल है।
अन्य गतिविधियों में रॉयल सिंगापुर नौसेना के कर्मियों का जहाज पर भ्रमण और भारतीय नौसेना की जल सर्वेक्षण क्षमताओं का प्रदर्शन करना शामिल है। इस यात्रा के एक भाग के रूप में जहाज पर स्कूली बच्चों और भारतीय उच्चायुक्त कार्यालय (एचसीआई) के परिवारों के लिए एक दौरा भी निर्धारित किया गया है।

