जबलपुर (प्रहलाद पीपरा)। जिला अधिवक्ता संघ, जबलपुर की 2024-26 की नवीन कार्यकारिणी के लिए सोमवार को मतदान हुआ। जिसमें मनीष मिश्रा अध्यक्ष चुन लिये गये। उन्हें 955 मतों से विजय हासिल हुई। कुल मतदाताओं की संख्या 2943 है। इस तरह कुल 85 प्रतिशत मतदान हुआ। मतों की गिनती मंगलवार को हुई, जिसके बाद देर शाम तक परिणाम आये। अध्यक्ष पद के लिए मनीष मिश्रा को 955 मत, आरके सिंह सैनी को 732 मत, नरेन्द्र जैन को 606 मत और राजेश उपाध्याय को 163 मत मिले।
मुख्य चुनाव अधिकारी संपूर्ण तिवारी व सहायक चुनाव अधिकारी राजेश तिवारी ने बताया मतों की गिनती मंगलवार सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुई जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव पद के मतों की गिनती की गई। उसके बाद अन्य पदों के मतों की गिनती होगी। अध्यक्ष पद के लिये चार उम्मीदार मैदान में थे। जिनमें निर्वतमान अध्यक्ष आरके सिंह सैनी, मनीष मिश्रा, नरेन्द्र जैन और राजेश उपाध्याय के बीच कड़ा मुकाबला था।