साईडलुक, जबलपुर। जबलपुर संघर्ष समिति के तत्वावधान में शहर के चिकित्सा जगत के प्रतिनिधियों के साथ एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई। जिसमें जबलपुर में मेडिसिटी की परिकल्पना को साकार करने शहर के मास्टर प्लान में सम्मिलित करने प्रस्ताव पारित किया गया।
समिति संयोजक हिमांशु खरे ने एक जानकारी में बताया की जबलपुर में मेडिसिटी की स्थापना की अनंत संभावनाएं हैं क्योंकि जबलपुर महाकौशल एवं विंध्य क्षेत्र में चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी हो रहा है।
उन्होंने बताया की मेडिसिटी की स्थापना जबलपुर में होना चाहिए जिसमें निजी क्षेत्र के अस्पतालों का स्थान हो साथ में चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सीय अनुसंधान इकाईयां, फार्मास्यूटिकल निर्माण, मेडिकल डिवाइसेज पार्क के निर्माण के साथ रोगियों के सहयोगियों के अस्थाई निवास के लिए होटल, खानपान इत्यादि की सुविधा एक ही स्थान पर हो।
हिमांशु खरे ने कहा की शहर के मास्टर प्लान में मेडिसिटी के निर्माण के लिए योजना में आवश्यक प्रावधान करने की आवश्यकता है। बड़े अस्पतालों की श्रृंखला को लाया जाए इस अवसर पर डॉ. राजेश धीरावाणी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा की जबलपुर में भी देश के सुप्रसिद्ध अस्पताल अपने उपक्रम स्थापित कर सकते हैं यदि एक निश्चित स्थान पर उन्हें भूमि मुहैया कराई जाए।
इससे जबलपुर में चिकित्सा सुविधाओं के स्तर में बढ़ोतरी होगी साथ में इससे जुड़े अन्य उद्योग भी स्थापित हो सकेंगे तथा मरीजों को जबलपुर में ही श्रेष्ठ इलाज उपलब्ध हो सकेगा।
लाइफस्टाइल वेलनेस सेंटर की स्थापना हो चिकित्सक डॉ. परिमल स्वामी ने इस अवसर पर जबलपुर में लाइफस्टाइल वैलनेस सेंटर की स्थापना पर बल दिया जिसमें आधुनिक चिकित्सा पद्धति के साथ परंपरागत पद्धति का संगम हो।
बहु विषयक ”लाइफस्टाइल मेडिसिन यूनिट्स” की स्थापना के साथ लाइफस्टाइल प्रशिक्षण, वेलनेस प्रशिक्षण आदि के लिए प्रशिक्षण केंद्र के साथ ही मेडिकल वेलनेस टूरिज्म सेंटर की भी स्थापना हो। उन्होंने कहा कि सही दिशा में जीवनशैली बदलाव, रोग रिवर्सल, मानसिक संतुलन तथा सामाजिक पुर्नस्थापन ही नए युग की चिकित्सा होगी।
मेडिकल डिवाइसेज पार्क हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पराज पटेल, डॉ. सुनील बहल, डॉ. शामिक रजा ने बताया की जबलपुर में मेडिसिटी की परिकल्पना अवश्य ही सफल होगी। अस्थि रोग, हृदय रोग आदि चिकित्सीय उपकरणों के निर्माण के क्षेत्र में मेडिकल डिवाइसेज पार्क की स्थापना भी मेडिसिटी का अहम हिस्सा बन सकता है जिसमें देश-विदेश के सुप्रसिद्ध कंपनियां अपनी निर्माण इकाई को यहां स्थापित कर सकेंगी।
सस्ती सुलभ भूमि आवश्यक जबलपुर संघर्ष समिति के बलदीप मैनी, मनु शरत तिवारी, हिमांशु राय, सुनील श्रीवास्तव, प्रीति चौधरी, देवव्रत मिश्रा, अभिषेक ध्यानी, आई के खन्ना ने सुझाव दिया की मास्टर प्लान में मेडिसिटी के प्लान को सम्मिलित करना बेहद उपयोगी सिद्ध होगा ताकि शासन आने वाले समय में सस्ती सुलभ भूमि निवेशकों को उपलब्ध करा सके जिससे जबलपुर भी चिकित्सा के क्षेत्र में और आगे बढ़ सके।

