अवैध खनन पर सख्त हुई कलेक्टर, समय-सीमा की बैठक में दिए कई अहम निर्देश
डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने सोमवार को कलेक्टर सभागार में समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में डीएफओ पुनीत सोनकर, सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, अपर कलेक्टर सुनील शुक्ला, एसडीएम शहपुरा एश्वर्य वर्मा, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने ग्रामीण विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान से संबंधित सभी गतिविधियां तीन दिन के भीतर पूर्ण करें। साथ ही जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
राजस्व वसूली और अतिक्रमण हटाने के निर्देश…
कलेक्टर ने नजूल अधिकारियों को लंबित राजस्व वसूली शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि समय-सीमा में वसूली नहीं होती तो संबंधित कर्मचारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाई जाएगी। डिंडौरी तहसीलदार को निर्देशित किया गया कि अवैध निर्माणों की पहचान कर पट्टों को निरस्त किया जाए और अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए।
अवैध खनन और खाद्य सुरक्षा पर विशेष जोर…
कलेक्टर ने अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन पर सख्ती बरतने के निर्देश तहसीलदारों को दिए। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिलने पर कोई अधिकारी दोषी पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। खनिज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर के.पी. भदौरिया, ग्वालियर से बकाया रेत राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए।
खाद्य एवं स्वास्थ्य विभाग को जिले में बिक रही खाद्य सामग्री की नियमित जांच के लिए संयुक्त टीम बनाकर कार्यवाही के निर्देश दिए गए। मिठाई दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंट्स में सफाई और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
संतरा बाई पर एफआईआर के निर्देश…
बैठक में ग्राम पाकरबघर्रा निवासी संतरा बाई पति नरबद द्वारा तालाब निर्माण की आड़ में अवैध उत्खनन और परिवहन की जानकारी सामने आने पर कलेक्टर ने एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। खनिज विभाग को अवैध भंडारण के विरुद्ध निरस्तीकरण की कार्यवाही करने को कहा गया।
अन्य विभागों को भी दिए निर्देश…
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि जिले में लगे हाईटेंशन तारों की नियमित निगरानी की जाए ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पाइपलाइन बिछाने में यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
वन क्षेत्रों का नक्शा तैयार करने के निर्देश…
वनमंडलाधिकारी ने जिले के सभी वनग्रामों में नदी, नाला, मैदान, पहाड़, मंदिर और बस्तियों को दर्शाते हुए नवीन नक्शा तैयार करने हेतु पटवारी, बीटगार्ड और तहसीलदार को समन्वय कर राजस्व अभिलेख अद्यतन करने के निर्देश दिए।

