डिंडौरी राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्ट्रेट सभागार में आज कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएफओ पुनीत सोनकर, सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, अपर कलेक्टर सुनील शुक्ला, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती मारव्या ने समय-सीमा पत्रकों की गहन समीक्षा कर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों को नरवाई जलाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए तथा नेशनल हाईवे के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
सड़क निर्माण के दौरान कटे पेड़ों की जानकारी एकत्र कर पांच गुना वृक्षारोपण कराने के भी निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायतों में स्वच्छता परिसरों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति पर भी चर्चा कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। गौशालाओं और चारागाहों पर अतिक्रमण की रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत न करने पर समस्त तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए। अंत में उन्होंने अधिकारियों से शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य कर जिले के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति से भी कलेक्टर को अवगत कराया गया।



