डिंडौरी, रामसहाय मर्दन| विगत दिनों जनपद पंचायत समनापुर के ग्राम पंचायत प्रेमपुर में सरपंच सचिव के द्वारा मापदंड को दरकिनार कर सीसी सड़क का घटिया निर्माण का मामला साईड लुक समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था जिसपर संज्ञान लेते हुए जनपद पंचायत सीईओ सीपी साकेत के द्वारा मौके में जाकर सीसी सड़क का निरीक्षण कर कार्रवाई करने की बात कही थी।
दरअसल उसी मामले में आगे कार्रवाई करते हुए सीईओ के द्वारा सीसी सड़क से संबंधित दस्तावेज तत्काल उपलब्ध करने सचिव को पत्र जारी किया है जिसमें उल्लेख किया गया है ग्राम पंचायत प्रेमपुर के सीसी सड़क निर्माण शंकर के घर से रमेश के घर तक आपके द्वारा निर्माण कराया गया जिसकी नस्ती, टी.एस., माफ पुस्तिका,ग्राम पंचायत की केशबुक, बिल बाउचर गार्ड फाईल लेखा शाखा में तत्काल उपलब्ध कराए। वही उपलब्ध न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दिया गया है।
ये रहा पूरा मामला…
दरअसल जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रेमपुर माल के ठाकुर टोला में कुछ माह पहले शंकर के घर से रमेश के घर तक ग्राम पंचायत के द्वारा सीसी सड़क का निर्माण कराया गया है। जहां सीसी सड़क निर्माण में जिम्मेदारों के द्वारा जरूरी मापदंडों को दरकिनार करते हुए निर्माण कराया गया , इंजीनियरिंग मैनुअल में इसके माप तय हैं, लेकिन सीसी सड़क निर्माण कार्यों में इनकी खुली अवहेलना की गई है, ग्रामीणों ने आरोप लगाए है कि ग्राम पंचायत सरपंच रूकमणी बाई परस्ते, सचिव देवसिंह ठाकुर और रोजगार सहायक संतोष कुमार पाराशर के द्वारा उपयंत्री से आपसी सांठगांठ कर स्वयं को आर्थिक लाभ पहुंचाने सड़क निर्माण में गुणवत्ताहीन निर्माण सामग्री मिट्टी युक्त बजरी वाली गिट्टी, रेत का उपयोग करके पूरी तरह घटिया निर्माण कराया गया है, निर्धारित मापदंडों के अनुसार सीसी सड़क 08 इंच मोटी होनी चाहिए लेकिन जिम्मेदारों के जरूरी मापदंडों को दरकिनार करते हुए 04 इंच गिट्टी की ढलाई किया गया है, जिसके चलते कुछ ही माह में लाखों की लागत से बने सीसी सडक पहली बारिस में धुलकर उखडने लगी।
मानक वहीन सामग्री निर्माण का उपयोग कर सीसी सडक निर्माण कराने के लगाए आरोप…
बता दें स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों के द्वारा मिट्टी युक्त गिट्टी व रेत से घटिया सीसी सड़क निर्माण कराया गया है, जिसकी वजह से कुछ ही माह में सड़क उखड़ कर जर्जर हो गया। बरहाल सीसी सड़क की स्थिति देखकर यह प्रतीत होता है कि ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक के द्वारा उपयंत्री से आपसी सांठगांठ कर ग्राम पंचायत में घटिया निर्माण कर भ्रष्टाचार किया गया है । अब देखना यह है कि सरपंच, सचिव ,रोजगार सहायक और उपयंत्री के भ्रष्टाचार पर वरिष्ठ अधिकारी व जनपद सीईओ द्वारा कोई ठोस कर्रवाई की जाती है या फिर कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जाती है।
बिना सूचना पटल लगाए ही बन गई लाखों रू. सीसी सड़क…
ग्राम पंचायत प्रेमपुर ठाकुर टोला में पंचायत के द्वारा लाखों रू. की लागत से सीसी सड़क निर्माण काराया गया है लेकिन ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों के द्वारा निर्माण स्थल में सूचना पटल लगाना उचित ही नहीं समझा। जबकि कोई भी निर्माण कार्य प्रारंभ कराने से पहले निर्माण स्थल में सूचना पटल पर संबंधित निर्माण कार्य की जानकारी लिखना अनिवार्य है। किंतु जिम्मेदारों के द्वारा शासन के दिशा-निर्देशों की पूरी तरह से धज्जियां उड़ाई जा रही है। निर्माण स्थल में सूचना पटल नहीं होने के कारण ग्राम के आमजनों समेत अन्य लोंगो को उक्त पुलिया निर्माण की लागत एवं मद समेत अन्य जानकारी नहीं मिल पा रही है।



