◆ करंजिया–बजाग में भाजपा को नहीं मिला प्रत्याशी, समनापुर जनपद में टॉस से हुआ उपाध्यक्ष का फैसला:-
डिंडौरी (रामसहाय मर्दन)। जिले के बजाग, करंजिया और समनापुर जनपद पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन संपन्न हुआ। दो जनपद करंजिया और बजाग में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए तो समनापुर जनपद में भाजपा का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुआ। बजाग और करंजिया जनपद में भाजपा को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए न प्रत्याशी मिले न प्रस्तावक। करंजिया जनपद में 12 जनपद सदस्यों ने ही निर्वाचन में हिस्सा लिया। एक मात्र भाजपा समर्थित जनपद सदस्य शशि हस्तपुरिया ने निर्वाचन प्रक्रिया में भाग ही नहीं लिया। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के समर्थित चरण सिंह धुर्वे ने 9 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद हासिल कर लिया। वहीं एकता मरकाम को मात्र तीन मत ही मिले। उपाध्यक्ष पद के लिए गीता पट्टा को निर्विरोध चुना गया। वहीं बजाग जनपद पंचायत में 13 जनपद सदस्यों ने निर्वाचन प्रक्रिया में हिस्सा लिया और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की समर्थित प्रत्याशी फूलकली बाई ने 7 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद प्राप्त कर लिया। शिववती को 6 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित राधेश्याम कुशराम को निर्विरोध चुन लिया गया। समनापुर जनपद में 12 जनपद सदस्यों ने हिस्सा लिया। भाजपा की पावंती बाई ने फूलवती चिचाम को एक मत से पराजित कर अध्यक्ष पद हासिल कर लिया है। उपाध्यक्ष पद में नीतू लखन बर्मन और सुनील तिवारी को बराबर-बराबर मत मिले। दोनों के बीच टॉस करवाकर फैसला किया गया और नीतू बर्मन को उपाध्यक्ष बनाया गया।