15 दिवस में संतोषजनक जवाब न देने पर होगी एकपक्षीय कार्रवाई….
डिण्डौरी,राठौर रामसहाय मर्दन| जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान की धीमी प्रगति को लेकर कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी, मनरेगा, प्रदीप शुक्ला को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दरअसल विगत दिनांक 2 मई 2025 को आयोजित समाधान ऑनलाइन बैठक में, मुख्यमंत्री तथा मुख्य सचिव द्वारा जिलेवार प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें डिण्डौरी जिले का प्रदर्शन सबसे खराब पाया गया। जल गंगा कार्यक्रम के अंतर्गत एक हेक्टेयर से बड़ी भूमि पर 216 तालाबों का चिन्हांकन और 147 कार्यों के प्रारंभ के बावजूद, पोर्टल पर वास्तविक प्रगति का सही आंकड़ा नहीं दर्शाया गया। इस लापरवाही से समीक्षा बैठक के दौरान जिले की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। कलेक्टर ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि शुक्ला द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर उदासीनता दिखाई गई है, जो संविदा सेवा शर्तों का उल्लंघन है। उनसे 15 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है, अन्यथा उनके विरुद्ध एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।



