डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन|राज्य शिक्षा केंद्र और शिक्षा विभाग द्वारा हाल ही में घोषित कक्षा 5वीं और 8वीं के वार्षिक परीक्षा परिणामों में डिंडौरी जिले ने शानदार प्रदर्शन किया है। पूरे मध्यप्रदेश में कक्षा 5वीं के परीक्षा परिणाम में डिंडौरी जिले ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा 8वीं में जिले को प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है।
शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने इस उपलब्धि के लिए जिले के सभी शिक्षकों को बधाई दी और इसे उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रयासों से ही जिले ने यह गौरव हासिल किया है।
शासकीय शिक्षक संगठन ने इस सफलता के लिए कलेक्टर एवं मिशन संचालक नेहा मारव्या सिंह, जिला परियोजना समन्वयक राघवेंद्र मिश्रा, करंजिया बीआरसी अजय राय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर.के. पांडे समेत सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, बीआरसी, बीएसी, सीएसी, संकुल प्राचार्यों और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों को धन्यवाद दिया।
संगठन ने आगे भी इस सफलता को बनाए रखने के लिए शिक्षकों को और मेहनत व समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। जिले की इस उपलब्धि से शिक्षा क्षेत्र में एक नई प्रेरणा और ऊर्जा का संचार हुआ है।



