डिंडौरी,राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने मंगलवार को विकासखंड बजाग के आंगनवाड़ी केन्द्रों – सुकुलपुरा, बरगांव, और गाडासरई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों की व्यवस्थाओं, बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार, स्वास्थ्य परीक्षण, कुपोषण और गर्भवती-धात्री महिलाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
इस दौरान बरगांव के नीचे टोला स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र की जर्जर स्थिति को देख कलेक्टर ने नाराज़गी जताई। केन्द्र की टूटी हुई टाइल्स और छत से टपकते पानी को देख उन्होंने तत्काल ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए निर्माण कार्य पर सवाल खड़े किए। कलेक्टर ने सरपंच और सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, साथ ही सीईओ जनपद पंचायत बजाग को कार्य का मूल्यांकन कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि निर्माण एजेंसी से राशि वसूली की कार्रवाई हो सके।
इसके साथ ही कलेक्टर ने अधिकारियों को आंगनवाड़ी केन्द्रों में अध्ययनरत बच्चों के लिए पेंटिंग, कलर, ड्रॉइंग शीट, खिलौने, छोटी कुर्सियां जैसी सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों की उपस्थिति में सुधार लाया जा सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, खाद्य निरीक्षक नितिन जायसवाल, सहायक आयुक्त सहकारिता शानू चौधरी, कृषि उपसंचालक अभिलाषा चौरसिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



