डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जिले के मुख्यालय स्थित पुरानी डिंडौरी वार्ड नंबर 11 के एक तालाब में झूलती हाई वोल्टेज बिजली लाइन ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। यह स्थिति न केवल जानलेवा खतरा उत्पन्न कर रही है, बल्कि विद्युत विभाग की लापरवाही को भी उजागर कर रही है। स्थानीय नागरिकों ने कई बार इस मामले में संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इस गंभीर मामले को “साईड लुक न्यूज”में प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर नेहा मारव्या ने संज्ञान लिया। सोमवार को कलेक्टर सभागार में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने जिले की विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ इस विद्युत लापरवाही पर भी कड़ा रुख अपनाया।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में जहां भी हाईटेंशन लाइनें गुजर रही हैं, उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। बता दें कि जिला मुख्यालय में मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली आपूर्ति बंद करना तब तक निरर्थक है, जब तक ज़मीनी स्तर पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता।
कलेक्टर ने विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल सुधारात्मक कार्य कराए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने कलेक्टर द्वारा की गई इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा।



