डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बंज़रा में लीचपिट निर्माण के नाम पर लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। इस पूरे मामले में जनपद पंचायत समनापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सीपी साकेत ने सरपंच और सचिव को कारण बताओ सूचना-पत्र जारी करते हुए दो दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब जूनविगत दिनों “साईड लुक न्यूज़” में इस विषय पर खबर प्रकाशित हुई। खबर के अनुसार, पंचायत द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान एक ही स्लाटर हाउस में लीचपिट निर्माण के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान किया गया। आरोप है कि यह भुगतान बिना किसी विधिवत प्रक्रिया के किया गया, जिससे सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जारी नोटिस में यह भी कहा गया है कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है, किंतु इस मामले में प्रथम दृष्टया अनियमितता पाई गई है। पंचायत द्वारा किसी भी प्रकार की प्रक्रिया के पालन किए बिना राशि खर्च करना नियमों के विपरीत है। जनपद पंचायत समनापुर द्वारा जारी इस कार्रवाई की जानकारी जिला कलेक्टर डिंडौरी और जिला पंचायत अधिकारियों को भी दी गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस कथित घोटाले पर प्रशासनिक स्तर पर क्या कठोर कदम उठाए जाते हैं।



