जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बटिया का मामला….
डिंडौरी, रामसहाय मर्दन| इन दिनों अमरपुर जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार ,घटिया निर्माण और धांधली की पोल खुलने लगी है।चाहे स्टॉप डैम हो, पुलिया निर्माण हो या सीसी सड़क निर्माण हो, कार्य शुरू होते ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। एक ओर सड़क के निर्माण कार्य से जहां ग्रामीणों को खुशी मिली है तो वहीं भ्रष्टाचार के कारण पल भर में खुशी गायब भी हो जाती है। कई बार मानक विहीननिर्माण का ग्रामीणों के द्वारा विरोध किया जाता है किंतु जिम्मेदारों पर कोई असर नहीं होता है। जिसका खामियाजा ग्रामीणों को झेलना पड़ता है।
ये रहा पूरा मामला…
दरअसल ऐसा ही मामला जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बटिया का सामने आया है। बता दें कि मुख्यमार्ग से प्रेम सिंह के घर तक ग्राम पंचायत सरपंच सुरेश सरोते और सचिव अमर सिंह कुशराम के द्वारा विगत वर्ष 2023/24 में 15 वें वित्त आयोग मद से 04 लाख 23 हजार रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण कराया गया है। जो चंद महीनों में ही गिट्टी उखड़ने लगी है ,जिससे लाखों की लागत से निर्मित सीसी सड़क पूरी तरह जर्जर हो रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक सीसी सड़क निर्माण में जिम्मेदारों के द्वारा तकनीकी मापदंडों को दरकिनार किया गया है। इंजीनियरिंग मैनुअल में इसके माप तय हैं, लेकिन उक्त सीसी सड़क में निर्माण कार्यों में इनकी खुली अवहेलना की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत सरपंच सुरेश सरोते, सचिव अमर सिंह कुशराम के द्वारा उपयंत्री से सांठगांठ कर स्वयं को आर्थिक लाभ पहुंचाने के मंशा से सड़क निर्माण में गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग किया गया है। बताया गया कि सड़क निर्माण के दौरान मिट्टी युक्त बजरी वाली गिट्टी, रेत और निम्न स्तर का सीमेंट उपयोग कर पूरी तरह घटिया निर्माण कराया गया है। साथ ही सड़क की मोटाई भी निर्धारित मापदंड की विपरीत कराई गई है, जिसके चलते एक वर्ष में ही लाखों की लागत से बने सीसी सड़क उखडऩे लगी।
ग्रामीणों का चलना हुआ दूभर..
ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच सचिव के द्वारा सीसी सड़क का घटिया निर्माण कराया गया है जिसके चलते सड़क से रेत, गिट्टी निकलने लगी है जिसकी वजह से ग्रामीणों को चलने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि सड़क में निकली गिट्टियां पैरो में चुभ रही है। वहीं ग्रामीणों ने शासन से सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जर्जर सीसी सड़क को मरम्मत कराने की मांग की है ताकि आवागमन में सुविधा हो।
बिना बाइव्रेट मशीन चलाए मिट्टी युक्त गिट्टी से किया गया सड़क निर्माण…
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों के द्वारा बिना बाइव्रेट मशीन चलाए ही सीसी सड़क निर्माण कराया गया ,जिसकी वजह से सीमेंट,कांक्रीट का मसाला सेट नहीं हुआ है जो कुछ ही दिनों में सड़क उखड़ कर जर्जर हो गई है। वहीं जब मामले को लेकर ग्राम पंचायत सरपंच सुरेश सरोते से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सड़क उखड़ गई है इसकी जानकारी मुझे नहीं है देख कर बताऊंगा, जिससे आप अनुमान लगा सकते है कि ग्राम पंचायत सरपंच को अपने ही ग्राम में खुद की बनवाई गई सड़क की जानकारी नहीं है तो ग्राम पंचायत में अन्य विकास कार्यों का क्या हाल होगा। वही जनपद पंचायत अमरपुर मुख्यकार्यपालन अधिकारी लोकेश नारनौरे ने उक्त सीसी सड़क की जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है।
इनका कहना है “
आपके माध्यम से जानकारी मिली है, मामले की जांच कराकर लापरवाही बरतने में वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यकार्यपालन अधिकारी लोकेश नारनौरे जनपद पंचायत अमरपुर जिला डिंडौरी।



