डिंडौरी,राठौर रामसहाय मर्दन| जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मानिकपुर के छिरगुंदरी टोला में बनाई जा रही सीसी सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सड़क निर्माण सरपंच-सचिव की उपयंत्री से मिलीभगत का परिणाम है, जिसमें तकनीकी मानकों और शासन के दिशा-निर्देशों की खुलकर अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त 3.75 लाख रुपए की लागत से बनाई जा रही यह सड़क बारिश के बीच ही तैयार की जा रही है, जिससे सीमेंट-कंक्रीट की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण स्थल पर न तो पर्याप्त बेस डाला गया, न ही कार्य से जुड़ी कोई जानकारी (जैसे लागत, ठेकेदार, अवधि आदि) बताने वाला सूचना पटल लगाया गया है।
मिट्टी और कीचड़ में ढल रही है सड़क…
स्थानीय लोगों द्वारा लिए गए फोटो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि सड़क का निर्माण मिट्टी और कीचड़ में ही किया जा रहा है। न तकनीकी अमला मौके पर मौजूद है और न ही किसी स्तर पर निगरानी की व्यवस्था है।
नियमों की खुली धज्जियां , बिना सूचना पटल लगाए किया जा निर्माण…
सरकारी निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सूचना पटल, तकनीकी निरीक्षण और गुणवत्ता एजेंसियों की मौजूदगी अनिवार्य होती है, परंतु इस निर्माण में ये सभी नियम नदारद हैं। छिरगुंदरी टोला के रहवासियों ने जिला प्रशासन और जनपद सीईओ से इस निर्माण कार्य की तत्काल जांच की मांग की है, ताकि शासन की राशि का दुरुपयोग रोका जा सके और ग्रामीणों को टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क मिल सके। अगर समय रहते नहीं हुई कार्रवाई, तो कुछ ही महीनों में उखड़ जाएगी।



