डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जिले के करंजिया जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम बहारपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कई पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित रह गए। ग्रामीणों का आरोप है कि रोजगार सहायक सुहागवती की लापरवाही के चलते लाभार्थियों का पंजीयन समय पर नहीं हो सका।
ग्राम बहारपुर निवासी मुकेश पिता कमल सिंह व उनकी पत्नी राजेश्वरी ने बताया कि उन्होंने 12 मई 2025 को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के लिए आवेदन फॉर्म रोजगार सहायक को जमा किया था, लेकिन उन्होंने फॉर्म जनपद पंचायत में जमा नहीं किया। जिससे पात्र होते हुए भी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया।
ग्रामीणों, सरपंच, उपसरपंच और पंचों ने रोजगार सहायक पर केवल इस योजना में ही नहीं बल्कि अन्य कार्यों में भी लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं और उसे तत्काल हटाने की मांग की है। पीड़ित परिवार ने इस मामले को लेकर जनपद पंचायत करंजिया के सीईओ से शिकायत दर्ज कराई है। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक न पहुंच पाना, ज़िम्मेदारों की लापरवाही को उजागर करता है, जो शासन की मंशा और प्रयासों पर पानी फेर देता है।



