डिण्डौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जनपद पंचायत डिण्डौरी की सामान्य सभा की बैठक में उपयंत्री फिरोज खान के स्थानांतरण का जोरदार विरोध हुआ। ग्राम यांत्रिकी सेवा संभाग डिण्डौरी के पत्र अनुसार, खान को जनपद पंचायत करंजिया से डिण्डौरी स्थानांतरित किया गया है।
सामान्य सभा के दौरान अध्यक्ष सहित समस्त जनपद सदस्यों ने एकमत होकर विरोध दर्ज किया। सदन में यह कहा गया कि खान पूर्व में भी इसी जनपद में पदस्थ थे और उस दौरान उनकी कार्यशैली असंतोषजनक रही। उनके विरुद्ध ग्राम पंचायतों से लगातार शिकायतें प्राप्त होती रही हैं, और वे हमेशा विवादों में घिरे रहे हैं।
सभा में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में जनप्रतिनिधियों के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।सदन ने शासन से मांग की है कि खान की पदस्थापना आदेश पर पुनः विचार किया जाए।



