जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकर्रामठ का मामला..
डिंडौरी, रामसहाय मर्दन| ग्राम पंचायतों में घटिया निर्माण कार्य होने के तो आपने कई मामले देखे और सुने होंगे, लेकिन समनापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकर्रामठ के सरपंच, सचिव का एक नया कारनामा सामने आया है। जहां जिम्मेदारो के द्वारा बिना सीसी सड़क निर्माण कार्य कराए ही सीसी सड़क निर्माण सामग्री के नाम पर लाखों निकालकर शासन को चूना लगाया जा रहा है।

दरअसल जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकर्रामठ के सरपंच उर्मिला धुर्वे और प्रभारी सचिव रमेश पट्टा के द्वारा बिना सीसी सड़क निर्माण कराए ही आपसी सांठगांठ कर पांचवा वित्त से 01लाख 46 हजार रू. आहरण कर लिया गया है।बता दें कि ग्राम पंचायत कुकर्रामठ में सीसी सड़क का निर्माण मेन रोड से आश्रम तक पांचवा वित्त के 4 लाख 37 हजार रू. की लागत से होना था, लेकिन जिन्हे सीसी सड़क निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई। वे ही अपने जेब भरने बिना सीसी सड़क निर्माण कराई ही सामग्री खरीदी का फर्जी बिल लगाकर सरकारी राशि का बंदरबांट किया गया है।
गौरतलब यह है कि ग्राम पंचायत कुकर्रामठ के सरपंच उर्मिला धुर्वे और प्रभारी सचिव रमेश पट्टा के द्वारा विगत दिनांक 06/08/2024 को संस्कार ट्रेंड को पांच डम्फर गिट्टी खरीदी के नाम पर 80 हजार रुपए का बिल और दिनाँक 07/08/2024 तीन डम्फर रेत खरीदी के पर 66 हजार रुपए का फर्जी बिल भुगतान किया गया, किंतु मौके पर कोई भी निर्माण सामग्री की खरीदी नहीं की गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस फार्म को सामाग्री खरीदी का भुगतान किया गया है व ग्राम कुकर्रामठ पंचायत सरपंच उर्मिला धुर्वे का रिश्तेदार है जिससे आप अनुमान लगा सकते हैं कि ग्राम कुकर्रामठ पंचायत में सरपंच, सचिव के द्वारा मिलीभगत कर स्वयं को आर्थिक लाभ पहुंचाने किस कदर सरकारी राशि का बंदरबांट किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों के द्वारा मौके में कोई सीसी सड़कों के निर्माण नहीं कराया गया है और बिना सीसी सड़क बनाए शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
वहीं जब उक्त मामले को लेकर जब जनपद पंचायत समनापुर सीईओ सीपी साकेत से बात की गई तो उन्होंने ने कहा मामले की नियमानुसार जांच कराकर गड़बडी करने वाले दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाएंगी।



