डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में नगर परिषद एवं एमपीयूडीसी (मध्यप्रदेश शहरी विकास कंपनी लिमिटेड) की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने शहर में चल रहे सीवर लाइन कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और निर्देश दिए कि शहर में खोदे गए गली, मोहल्ले, सड़क, टूटी नालियां, बंद व ओवरफ्लो हो रही सीवर लाइनों की मरम्मत का कार्य 15 जून 2025 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर ने एमपीयूडीसी (मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड) के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर जबलपुर अभय कुमार जैन को निर्देशित किया कि अधूरी पड़ी सीवर लाइन को शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, कस्तूरबा विद्यालय से भारत माता चौक रोड, सरस्वती शिशु मंदिर से मुख्य मार्ग तक, नर्मदागंज मोहल्ला, बंधान टोला, झुरकी टोला, वार्ड क्रमांक 1 सुब्खार इमली कुटी में खोदे गए गड्ढों, टूटी नालियों व सड़कों की मरम्मत कार्य भी 15 जून तक पूरा किया जाए ताकि बारिश पूर्व आमजनों को असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में संबंधित ठेकेदार, इंजीनियर और विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस ने शहर में अधूरे पड़े सीवर लाइन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की और कहा कि समय पर मरम्मत नहीं होने से पालतू जानवरों और आम नागरिकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बैठक में हंस नगर, साकेत नगर में भी सीवर लाइन कार्यों के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पार्षद रीतेश जैन, भागीरथ उरैती, रजनीश राय, संदीप कांसकार, सारिका नायक, ज्योतिरादित्य भलावी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सीवर से संबंधित समस्याएं रखीं, जिन्हें कलेक्टर ने गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, पार्षद स्मिता अजय बर्मन, शिवराज बघेल, गोवर्धन सरैया, मयंक कुमार दाहिया, एसडीएम भारती मेरावी, एमपीयूडीसी से जे.के. राव, जेएम रमानी, सोमेश सिकरवार, ठेकेदार सुमित दौलत, भूवेश रमानी, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार, मंजू तिवारी, राकेश झारिया, वीरेन्द्र बिहारी शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



