डिंडौरी। जिले में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक सेवा पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने वरिष्ठ नागरिकों एवं समाजसेवियों की बैठक ली और अभियान में सक्रिय भागीदारी कर इसे सफल बनाने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुँचाना है। इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता अभियान सहित अनेक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग को युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पखवाड़े के दौरान विभाग द्वारा खेलकूद प्रतियोगिताएँ, योग-फिटनेस गतिविधियाँ और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों से युवाओं में न केवल जागरूकता बढ़ेगी बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी।
कलेक्टर ने वरिष्ठ नागरिकों एवं समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी को अभियान की सफलता की कुंजी बताते हुए सभी विभागों को अग्रिम रूप से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, पंकज तेकाम, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, सुधीर दत्त तिवारी, आशीष वैश्य, सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, एसडीएम भारती मेरावी, सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडेय, सीएमओ नगर परिषद डिंडौरी अमित तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, संगठन प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

