डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने विकासखंड मेंहदवानी के अंतर्गत ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत राई से कुकर्रा-भलवारा रोड के किनारे लगे पेड़-पौधों की स्थिति का जायजा लिया और जनपद सीईओ मेंहदवानी को निर्देशित किया कि विकासखंड की सभी सड़कों पर पौधों के चारों ओर सुरक्षा हेतु बाड़ा बनाकर उन्हें संरक्षित किया जाए।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन सीएमराइज विद्यालय की सड़क का निरीक्षण किया और संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि केवल विद्यालय तक ही नहीं, बल्कि उससे जुड़े अटैचमेंट रोड का भी निर्माण किया जाए, जिससे ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवाजाही में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने जिले के कम दर्ज संख्या वाले विद्यालयों की भी समीक्षा की और इस संबंध में गठित समिति को टेक्निकल और मूल्यांकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत भलवारा के अंतर्गत स्थित हाई स्कूल भलवारा में ग्रामीणों ने स्कूल को 12वीं तक उच्चीकृत करने की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में हाई सेकेंडरी स्कूल राई 15 किलोमीटर दूर स्थित है, जिससे विद्यार्थियों को आने-जाने में काफी कठिनाई होती है। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि इस प्रस्ताव को भोपाल भेजा जाएगा, ताकि भलवारा में हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में परिवर्तित किया जा सके।
ग्राम पंचायत भलवारा के सामुदायिक स्वच्छता परिसर में जल आपूर्ति न होने के कारण परिसर बंद पड़ा है। इस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने पीएचई विभाग को दो दिवस के भीतर कनेक्शन जोड़ने और जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि हाई स्कूल भलवारा में सत्र 1 अप्रैल 2025 से प्रारंभ हो जाने के बाद भी केवल चार छात्र उपस्थित थे। इस लापरवाही के लिए प्रभारी प्राचार्य गोविंद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, सीईओ जनपद पंचायत मेंहदवानी प्रमोद कुमार ओझा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रमेश मरावी, कार्यपालन यंत्री अफजल इमाम उल्ला, आरईएस ई दीपक आर्मो, डीपीसी रावेन्द्र मिश्रा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।



