कलेक्टर नेहा मारव्या ने छात्रावासों और आश्रम शाला का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के दिए निर्देश….
डिण्डौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने जिले के विभिन्न छात्रावासों और आश्रम शालाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास के निरीक्षण में कलेक्टर ने छात्रावास की पेयजल, शिक्षा, भोजन, शौचालय, साफ-सफाई, रजिस्टर संधारण जैसी व्यवस्थाएं जांची। मीनू अनुसार भोजन न देना, स्टॉक व वितरण पंजी की जानकारी न होना आदि कमियों पर अधीक्षक धनसिंह मरकाम को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बॉयस आश्रम शाला (अंग्रेजी माध्यम) के निरीक्षण में भोजन गुणवत्ताहीन पाए जाने पर उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को मध्यान्ह भोजन संचालन कर रहे समूह को हटाने के निर्देश दिए।
उत्कृष्ट आदिवासी सीनियर कन्या छात्रावास के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे भोजन, सुरक्षा, स्वच्छता, अध्ययन कक्ष आदि की स्थिति देखी और नियमित संचालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती मारव्या ने स्पष्ट किया कि छात्रावासों और आश्रमों में बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।



