प्रमुख सचिव ऊर्जा ने की पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की तैयारियों की समीक्षा
जबलपुर| मध्य प्रदेश के प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री संजय दुबे ने आज अपने दो दिवसीय जबलपुर प्रवास के दौरान दूसरे दिवस आने वाले रबी सीजन के लिए मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की तैयारियों की समीक्षा की । इस बैठक में पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री अनय द्विवेदी, क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं सहित कारपोरेट कार्यालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे| श्री संजय दुबे ने निर्देश दिये कि शासन की मंशा अनुसार किसानों को 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के कार्य को प्राथमिकता दी जाए इसके लिए तैयारियां अभी से प्रारंभ की जाए| उन्होंने ट्रांसफार्मर और फीडर में ओवरलोडिंग तथा बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए| उन्होंने कहा कि जहां पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि करनी है उन्हें तुरंत चिन्हित कर बदले जाएं ताकि पीक रबी सीजन में ट्रांसफार्मर फेल होने की दर पर नियंत्रण रखा जा सके । उन्होंने कहा कि रबी सीजन के पहले ट्रांसफार्मरों और सभी लाइनों का मेंटेनेंस निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्राथमिकता से पूरा किया जाए|उन्होंने आश्वस्त किया कि रबी सीजन के लिए पर्याप्त विद्युत उपलब्धता के साथ ट्रांसफार्मर भी भरपूर मात्रा में है अतः फील्ड के अधिकारी ट्रांसफार्मर फेल्यूर की रिपोर्टिंग तुरंत दर्ज करें ताकि फेल होने वाले ट्रांसफॉर्मर को समय पर बदला जा सके। ट्रांसफार्मर फेल्यूर की सूचना जी.आई. एस.में दर्ज नहीं कराने वाले फील्ड अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी | उन्होंने निर्देश दिए कि यदि उपभोक्ता की ट्रांसफार्मर फेल होने की शिकायत किसी कारण से 1912 पर दर्ज नहीं हो पाती है और फील्ड अधिकारी के संज्ञान में आते ही ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया प्रारंभ की जावे।
श्री संजय दुबे ने फील्ड अधिकारियों को हर मीटर पर क्यूआर कोड चस्पा करवाने के साथ तथा राजस्व वसूली समय पर करने के निर्देश दिए|
पेपरलेस बिल की प्रक्रिया तेज की जाए
उन्होंने निर्देश दिए कि पेपरलेस बिल प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में लागू करने के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि आकलित बिल भेजने की प्रक्रिया बंद करें ताकि उपभोक्ताओं को व्यर्थ परेशान न होना पडे ।
मीटरीकरण शत प्रतिशत किया जावे
प्रमुख सचिव श्री संजय दुबे ने कहा कि मीटर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है अतः मीटर के अभाव में कहीं से भी आंकलित बिल मिलने की शिकायत नही आना चाहिए।
वितरण हानि कम करें .अनेक संभागों में वितरण हानि ज्यादा होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने टारगेट पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
श्री संजय दुबे ने फील्ड में सुधार कार्य के दौरान बढ़ रही विद्युत दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि भविष्य में अब ऐसी किसी भी घटना की जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारी पर एफ आई आर दर्ज कराई जाएगी । उन्होंने हाल में हुई दुर्घटना के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए|

