डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जनता की सेवा को समर्पित एक और संवेदनशील पहल के तहत डिंडौरी जिले में निःशुल्क शव-वाहन सेवा की शुरुआत की गई। इस सेवा का शुभारंभ कलेक्टर नेहा मारव्या एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। दोनों अधिकारियों ने शव-वाहनों को विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह सेवा विधानसभा डिंडौरी और विधानसभा शहपुरा के लिए संचालित की जाएगी, जिसमें एक शव वाहन डिंडौरी मुख्यालय और दूसरा शहपुरा तहसील मुख्यालय में उपलब्ध रहेगा। इन वाहनों के माध्यम से अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु होने पर शव को उनके निवास स्थान या शमशान घाट तक ले जाने की व्यवस्था की गई है।
यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और डिंडौरी जिले की सीमा के भीतर हर जरूरतमंद व्यक्ति को सरलता से उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशों के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा संचालित शासकीय संस्थाओं में लागू की गई है।
इस सेवा का मुख्य उद्देश्य शोकसंतप्त परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करना और उन्हें अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने की व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की परेशानी से मुक्त करना है। यह विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।



