डिंडौरी। राठौर रामसहाय मर्दन।कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने शनिवार को कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली, जिसमें ग्राम सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पटवारी, राजस्व निरीक्षक, सब इंजीनियर और मोबेलाइजर शामिल हुए। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक-एक तालाब का निर्माण किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य भूमिगत जलस्तर में वृद्धि करना है। कलेक्टर ने बताया कि तालाब के निर्माण से न केवल किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा, बल्कि मछली पालन और पशु-पक्षियों को पीने योग्य जल भी सुलभ होगा। इससे ग्राम पंचायत की आय में भी इजाफा होगा क्योंकि पंचायत को मछली पालन आदि से राजस्व प्राप्त करने का अधिकार होगा।
तालाबों के चारों ओर फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना को धरातल पर उतारने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
