डिंडौरी,राठौर रामसहाय मर्दन| ग्राम पंचायत पौड़ीमाल के सचिव जोहन लाल कोरबा को जिला पंचायत डिण्डौरी के द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उनके द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में बरती गई गंभीर लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी, तथा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समय पर निराकरण न करने के चलते की गई है।
जिला पंचायत सीईओ अनिल कुमार राठौर के द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जनमन आवास योजना, मनरेगा और सीएम हेल्पलाइन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में प्रगति अत्यंत निराशाजनक पाई गई। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 212 में से केवल 159 आवास पूर्ण, शेष 53 अपूर्ण। जनमन आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 14 में से सिर्फ 2 आवास पूर्ण। 362 पात्र हितग्राहियों में से मात्र 90 की समग्र सीडिंग। मनरेगा में मजदूर नियोजन लक्ष्य 37949 के मुकाबले सिर्फ 12696, जो मात्र 33.46%। वित्तीय वर्ष 2021-25 के बीच 1071 कार्यों में से 68 कार्य अब भी अपूर्ण। सीएम हेल्पलाइन में कई शिकायतें 83 से 238 दिनों से लंबित। पूर्व में जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब न देना और समीक्षा बैठक में बिना सूचना के अनुपस्थित रहना।
इन सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत ने जोहन लाल को म.प्र. पंचायत सेवा नियम 2011 के नियम 7 के तहत कदाचरण और अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि में उन्हें शासन नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और उनका मुख्यालय जनपद पंचायत डिण्डौरी निर्धारित किया गया है।



