मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में राजस्व विभाग में पदस्थ पटवारी रामकिशोर चावले शुक्रवार सुबह रिश्वत लेते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण संगठन (EOW) की टीम के हत्थे चढ़ गए। यह कार्रवाई जिला मुख्यालय की पुरानी बस्ती क्षेत्र में सुबह करीब 9:30 बजे की गई।
सूत्रों के अनुसार, ग्राम कोहका हल्का के निवासी शिकायतकर्ता राजाराम बिलागर ने जमीन नामांतरण के एवज में पटवारी द्वारा 4 हजार रुपये रिश्वत माँगे जाने की शिकायत 11 सितंबर को EOW में दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद, शुक्रवार को 12 सदस्यीय टीम ने जाल बिछाकर पटवारी को रिश्वत की राशि लेते रंगे हाथों दबोच लिया।
इस कार्रवाई की खबर फैलते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया। राजस्व विभाग में सनसनी का माहौल है, वहीं किसानों और आमजन ने इस कार्रवाई को लेकर राहत की सांस ली है। EOW ने आरोपी पटवारी रामकिशोर चावले के खिलाफ धारा 7A भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

