साईडलुक, डेस्क। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत जिले की सभी शालाओं में स्कूली बच्चों को स्वतंत्रता दिवस पर विशेष भोज दिया जायेगा। जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत ने इस बारे में जिले की सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों एवं जिला शिक्षा केन्द्र के अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस पर दिये जाने वाले विशेष भोज में स्कूली बच्चों को सब्जी, पुड़ी, खीर अथवा हलवा के साथ लड्डू का वितरण किया जायेगा। विशेष भोज शाला परिसर के किचन शेड, स्वच्छ स्थान में शुद्ध व गुणवत्ता पूर्वक बनाया जायेगा। प्रधानाध्यापक या नोडल शिक्षक के दायित्व व निगरानी में सामग्री का परीक्षण कर भोजन तैयार किया जायेगा। अंत्योदय कार्डधारी वृद्धजन व मातायें भी विशेष भोज में सहभागी होंगी। विशेष भोज का वितरण में प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जायेगा। भोजन वितरण के पूर्व शाला प्रभारी या मध्यान्ह भोजन प्रभारी भोजन ग्रहण कर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण करेंगे।
जिला पंचायत की सीईओ ने निर्देशों में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने क्षेत्र अंतर्गत शालाओं में अधीनस्थ अमले का रोस्टर बनाने तथा उनका विशेष भोज के आयोजन में शामिल होना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि विशेष भोज के अवसर पर विकासखंड स्त्रोत समन्वयक एवं जन शिक्षा केन्द्र के प्रभारी कार्यक्रम की मॉनिटरिेंग करेंगे। निर्देशों में कहा गया है कि विशेष भोज के अवसर पर समुचित साफ-सफाई एवं सावधानियां बरती जायें।

