डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने ग्राम बहादुर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र और आमाटोला में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की गतिविधियों, दवाओं की उपलब्धता और मौसमी बीमारियों के नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया गया।कलेक्टर ने मलेरिया, टीबी और अन्य बीमारियों की जानकारी लेते हुए समय पर उपचार और जागरूकता पर जोर दिया। सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था को प्राथमिकता देने और टीकाकरण कार्यों में लक्ष्य पूर्ति के लिए गति लाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें सुपोषित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह पाया गया कि स्वास्थ्य केंद्र भवन की छत से दो वर्षों से पानी टपक रहा है। मरम्मत में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने बीएमओ और सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया और जल्द से जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त, आमाटोला में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे। घटिया सामग्री के उपयोग पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत मेंहदवानी को निर्माण गुणवत्ता की जांच कर शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, सीईओ प्रमोद कुमार ओझा, सीएमएचओ रमेश मरावी, कार्यपालन यंत्री अफजल इमाम उल्ला, आरईएस ई दीपक आर्मो सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



