सरकार ने 1 जुलाई 2025 से लागू किया संशोधन,
मई 2026 से मिलेगा वास्तविक लाभ
साईडलुक डेस्क। राज्य शासन ने छठवें वेतनमान के अंतर्गत कार्यरत सरकारी कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। महंगाई भत्ते (DA) में 252 प्रतिशत से बढ़ाकर 257 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है। यह वृद्धि 1 जुलाई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी।
हालाँकि, कर्मचारियों को इस बढ़ोतरी का वास्तविक लाभ 1 अप्रैल 2026 से (भुगतान माह मई 2026) मिलना शुरू होगा। साथ ही, 1 जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि का एरियर भी चरणबद्ध तरीके से दिया जाएगा।
एरियर को लेकर बड़ा ऐलान
सरकार ने एरियर भुगतान को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बताया गया है कि मई 2026 से अक्टूबर 2026 के बीच एरियर की पूरी राशि 6 समान किश्तों में कर्मचारियों को दी जाएगी। इससे कर्मचारियों को बोझ एक साथ नहीं पड़ेगा और वित्तीय प्रबंधन आसान होगा।
सेवानिवृत्त व दिवंगत कर्मचारियों को एकमुश्त राशि
विशेष राहत उन कर्मचारियों के लिए भी है जो इस अवधि के दौरान सेवानिवृत्त हो चुके हैं या दिवंगत हो गए हैं। ऐसे कर्मचारियों या उनके नामांकित परिजनों को एरियर की पूरी राशि एकमुश्त देय होगी। इससे परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
पूर्णांकन का नियम लागू
महंगाई भत्ते की गणना के दौरान 50 पैसे या उससे अधिक राशि को अगले पूर्ण रुपये में बदला जाएगा, जबकि इससे कम राशि को नजरअंदाज किया जाएगा। साथ ही, सरकार ने स्पष्ट किया है कि महंगाई भत्ता किसी भी अन्य प्रयोजन के लिए वेतन का हिस्सा नहीं माना जाएगा।
कर्मचारियों में खुशी की लहर
सरकार के इस फैसले से छठवें वेतनमान के कर्मचारियों में उत्साह है। कर्मचारी नेताओं ने इसे समयबद्ध और राहत देने वाला कदम बताते हुए स्वागत किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इससे आने वाले महीनों में बाजार में भी खपत बढ़ेगी।

