डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, डिंडोरी जनपद पंचायत अध्यक्ष आशा सिंह, मेंहदवानी जनपद पंचायत अध्यक्ष रामप्रसाद तेकाम, अमरपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष हन्नु पट्टा सहित कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण अंतर्गत नर्मदा अपर परियोजना, राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना और बसनिया बहुउद्देशीय परियोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद कुलस्ते ने निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं का लाभ किसानों तक शीघ्र पहुंचे। जल संसाधन विभाग की योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बांधों का पानी नहरों के माध्यम से समय पर किसानों के खेतों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही मुडकी, दनदना, केवलारी, मोहदा, भवरखंडी, कुकर्रा एवं देवलपुर जलाशयों से जुड़ी नहरों की व्यवस्थित मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध हो सके।
राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने नर्मदा नदी और सिलगी नदी पर पुल निर्माण को प्राथमिकता के साथ बरसात से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जबलपुर से अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के गुणवत्तायुक्त निर्माण पर जोर दिया। साथ ही गाडासरई, समनापुर, मोहतरा, करंजिया बायपास रोड और गाडासरई सागर टोला क्षेत्र में व्यवस्थित अंडर क्रॉस रोड तैयार करने तथा सड़क किनारे सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
विद्यालय एवं शासकीय भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए सांसद ने पीआईयू और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य डीपीआर के अनुसार गुणवत्तायुक्त किया जाए। नरिया सांदिपनी विद्यालय के पहुंच मार्ग की समस्या के निराकरण हेतु राष्ट्रीय प्राधिकरण जबलपुर से समन्वय स्थापित कर प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही पीएचई, डीपीसी, जनजातीय कार्य विभाग, जल निगम और शिक्षा विभाग के समन्वय से जिले के छात्रावासों, विद्यालयों, आंगनवाड़ियों एवं आश्रमों में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
उपसंचालक कृषि ने बताया कि ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से जिले के पंजीकृत किसानों को ही खाद-बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इस पर विधायक ओमकार सिंह मरकाम एवं जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई किसान मोबाइल चलाने में असमर्थ हैं, इसलिए उन्हें नगद व्यवस्था के माध्यम से खाद-बीज उपलब्ध कराने की जरूरत है, ताकि समय पर सामग्री मिल सके।
बैठक में आयुष्मान योजना, जनजातीय कार्य विभाग, विद्युत विभाग तथा प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत धरती आबा योजना की प्रस्तावित सड़कों को ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। सांसद ने विद्युत अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में संपूर्ण विद्युत सप्लाई बंद करने के बजाय केवल बकाया बिल न चुकाने वाले हितग्राहियों की सप्लाई रोकी जाए।
सांसद कुलस्ते ने सभी विभागों को विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या ढिलाई पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है और इससे दूर रहकर ही स्वस्थ व समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।

