डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिले के वार्ड क्रमांक 07, नर्मदा पुल के पास स्थित ऐतिहासिक माँ नर्मदा मंदिर परिसर में नियम विरुद्ध भू-धारणाधिकार के तहत पट्टा आवंटन का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर एवं धर्मशाला परिसर के भीतर अरुण अवधिया द्वारा गुपचुप तरीके से 10×10 फुट की अस्थायी टीनशेड के स्थान पर 20×30 फुट का पट्टा बनवा लिया गया। इतना ही नहीं, मंदिर के सामने की खाली भूमि को भी अतिक्रमण बताकर नियमों के विरुद्ध पट्टा बनवाया गया। मंदिर समिति द्वारा इस अवैध निर्माण की शिकायत नगर परिषद डिण्डौरी एवं एसडीएम कार्यालय में की गई थी, जिसके बाद निर्माण कार्य पर रोक तो लगाई गई, लेकिन अब तक स्थल निरीक्षण और पट्टा निरस्तीकरण की कार्रवाई लंबित है।
मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री की उस घोषणा का भी हवाला दिया है, जिसमें मंदिर परिसरों के अतिक्रमण पर सख्ती से रोक लगाने की बात कही गई थी। आरोप है कि स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से धार्मिक स्थलों की जमीन पर कब्जा कराया जा रहा है। समिति ने शीघ्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई एवं पट्टे की तत्काल निरस्तीकरण की मांग की है।



