राजस्व वसूली अभियान को गति प्रदान करने महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ गंभीर…
आम नागरिकों को राहत प्रदान करते हुए राजस्व अमले को मोटीवेट कर उत्साह के साथ टारगेट अनुसार वसूली करने दिये निर्देश…
समीक्षा बैठक में महापौर द्वारा घोषणा की गई कि बेहतर काम करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों को मिलेगा ईनाम…
शहर के सम्माननीय करदाताओं से भी महापौर ने 31 मार्च तक समस्त बकाया करों की राशि जमा कर शहर विकास में साकारात्मक सहयोग प्रदान करने की विनम्र अपील…
जबलपुर। राजस्व वसूली अभियान वर्ष 2023-24 में नगर निगम के सभी पिछले रिकार्ड तोड़ने और नया एतिहासिक रिकार्ड बनाने की दिशा में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ राजस्व वसूली अभियान में लगे सभी अमले को लगातार बैठक लेकर मोटीवेट एवं प्रोत्साहित कर रहे हैं। आज उनके द्वारा राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई गयी, जिसमें उन्होंने सभी अधिकारियों कर्मचारियों से स्नेहपूर्वक कहा कि जो अधिकारी कर्मचारी राजस्व वसूली अभियान में बेहतर परफार्म करेगा उन्हें महापौर की ओर से ईनाम मिलेगा। राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक के दौरान महापौर श्री अन्नू ने यह भी कहा कि आप सभी लोग उत्साह मन से फील्ड पर जाएॅं और सम्माननीय करदाताओं को बिना परेशान किये राहत प्रदान करते हुए जो बकाया करों की राशि है उनसे वसूली करें।
महापौर श्री अन्नू ने बैठक में कहा कि आप सभी के प्रयासों से एकत्रित धनराशि से ही शहर में विकास कार्यो को गति मिलती है। इसके साथ-साथ अधिकारियों कर्मचारियों को भी वेतन भत्ते, पेंशन आदि का लाभ देने में सहायक सिद्ध होता है। इसलिए आप सभी अधिकारी कर्मचारी नगर निगम की रीढ माने जाते हैं, आप सभी हमारे लिए महात्वपूर्ण व्यक्ति हैं। आपकी मेहनत के परिणाम स्वरूप ही हम हर साल लक्ष्य की प्राप्ति करते हैं इस वर्ष भी आप लोग स्वच्छ मनोदशा से मेहनत करें और एतिहासिक लक्ष्य की प्राप्ति कर वसूली में कीर्तिमान रचें।
महापौर ने बैठक में यह भी कहा कि शहर के सम्माननीय करदाताओं से स्नेह पूर्वक वार्तालाप करना है। उनसे बहुत आदर के साथ बात चीत कर उन्हें बकाया करों की राशि जमा करने प्रेरित करना है। महापौर ने पुनः बैठक के अंत में संस्कारधानी के सभी सम्माननीय करदाताओं से अपील की कि 31 मार्च के पूर्व अपने समस्त बकाया करों की राशि जमा कर अधिभार से बचें और शहर विकास में अपना अमूल्य योगदान प्रदान करें। बैठक में राजस्व प्रभारी एवं एम.आई.सी. सदस्य डॉं.सुभाष तिवारी, उपायुक्त पी.एन. सनखेरे, के साथ सभी संभागीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।