डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिले के सरसडोली गांव में आदिवासी युवक सनी मरावी के साथ हुई मारपीट मामले में निर्दोष युवकों को झूठा फंसाए जाने और असली आरोपियों पर कार्यवाही न होने से आक्रोशित गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने सोमवार को मेंहदवानी में जोरदार प्रदर्शन किया।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथियों पर कार्यवाही करने के बजाय चार निर्दोष आदिवासी युवकों को ही मामले में आरोपी बना दिया है। इस अन्याय के खिलाफ पार्टी ने दुर्गा मंदिर से बाजार चौक तक रैली निकालकर विरोध जताया और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में थाना प्रभारी को तत्काल हटाने, मामले की निष्पक्ष पुनः जांच कराने, और सनी मरावी पर हमला करने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई है।
प्रदर्शन के दौरान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर कमलेश तेकाम, राष्ट्रीय महासचिव अमान सिंह पोर्ते, राजाबली मरावी, हरि मरावी, जिला अध्यक्ष रामप्रसाद मरावी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जिलेभर में पुलिस और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करेगी।



