डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। कलेक्टर नेहा मारव्या की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को जनहित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त चेतावनी दी गई। बैठक में विभागीय प्रगति की समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों पर विशेष फोकस किया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि लापरवाही या भ्रमित जवाब देने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी एसडीओ और परिवहन अधिकारी डिंडौरी को इसी तरह की लापरवाही पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सीएम हेल्पलाइन नोडल डिप्टी कलेक्टर को सभी विभागों से समन्वय कर समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

शिक्षा क्षेत्र में गंभीरता दिखाते हुए ग्राम खुरपार शाला भवन की खराब स्थिति पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी जर्जर स्कूल भवनों की सूची बनाकर आवश्यक भवनों को गिराने और मरम्मत योग्य भवनों के लिए बजट बनाकर काम कराने के निर्देश दिए।बैठक में मादक पदार्थों और अवैध खनन पर रोक के लिए प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए। चेक पोस्ट की प्रभावशीलता की समीक्षा की गई और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने मनरेगा भुगतान, किसान पंजीयन, राजस्व वसूली, वन अधिकार पट्टा, आपदा राहत राशि वितरण जैसे जनहितकारी मामलों में प्रगति लाने पर बल दिया और देरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। सर्पदंश से बचाव के लिए ग्राम स्तर पर प्रचार-प्रसार, मोबाइल नंबर वाले बैनर व दीवार लेखन करने के निर्देश दिए गए ताकि झाड़-फूंक की बजाय समय पर चिकित्सकीय मदद मिल सके। नगर परिषद और जनपद पंचायत सीईओ को ई-केवाईसी, समग्र आईडी अपडेट और सीएम हेल्पलाइन मामलों का प्राथमिकता से निपटारा करने के निर्देश दिए।



