साईडलुक, जबलपुर। एलायंस एयर द्वारा जबलपुर से अपनी सभी उड़ान सेवाओं को अचानक बंद करने से महाकौशल क्षेत्र में हवाई यात्रा का संकट गहरा गया है। यह फैसला न केवल आम यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बना है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दिया है। वायुसेवा संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कंपनी प्रबंधन से तत्काल सेवाएं बहाल करने की मांग की है। जबलपुर मध्य प्रदेश का प्रमुख प्रशासनिक, न्यायिक, शैक्षणिक और व्यापारिक केंद्र है और यह शहर कान्हा, बांधवगढ़ जैसे प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यानों तथा भेड़ाघाट जैसे विश्व विख्यात पर्यटन स्थलों का प्रवेश द्वार भी है। ऐसे में हवाई सेवाओं का अभाव क्षेत्र के समग्र विकास को पटरी से उतार रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गहरा नुकसान हो रहा है।
कम यात्री वाले रूट्स पर नई उड़ानें, जबलपुर की अनदेखी!
वायुसेवा संघर्ष समिति के सदस्यों ने एलायंस एयर के इस भेदभावपूर्ण रवैये पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी ने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से कोलकाता, दिल्ली तथा बिलासपुर के लिए नई उड़ानें शुरू की हैं, जहां यात्री भार बेहद कम है। इसके उलट जबलपुर से पहले संचालित दिल्ली और जगदलपुर मार्गों पर लोड फैक्टर शानदार रहा था, जो इन रूट्स की व्यावसायिक व्यवहार्यता को स्पष्ट रूप से प्रमाणित करता है। समिति के मनु शरत तिवारी, हिमांशु राय, बलदीप मैनी और सुनील श्रीवास्तव ने कंपनी से जबलपुर से उड़ान सेवाओं को तुरंत पुनः चालू करने, पुणे, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, चेन्नई जैसे प्रमुख महानगरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने तथा जबलपुर-जगदलपुर रूट को पुनः सक्रिय करने की मांग की है, क्योंकि यह क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए बेहद जरूरी है।
समिति की अपील: उभरते शहर की उपेक्षा बंद करें
समिति की अन्य सदस्य गीता शरत तिवारी, जितेंद्र पचौरी और प्रीति चौधरी ने कहा कि जबलपुर जैसे तेजी से उभरते शहर को नजरअंदाज करना विकास के खिलाफ है। उन्होंने एलायंस एयर से यात्री सुविधा और क्षेत्रीय हितों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। हिमांशु खरे ने कंपनी की आगामी बोर्ड मीटिंग से पहले शीर्ष प्रबंधन को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया है। समिति को पूर्ण विश्वास है कि एलायंस एयर जल्द ही पुनर्विचार कर जबलपुर से सेवाएं बहाल करेगा, जिससे क्षेत्र को मजबूत हवाई संपर्क मिल सकेगा। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने भी इस मुद्दे पर एकजुट होकर समर्थन जताया है।
#जबलपुर_हवाई_सेवा #एलायंस_एयर #महाकौशल_विकास #उड़ान_मांग #जबलपुर_न्यूज #मध्यप्रदेश_समाचार #पर्यटन_बढ़ावा #क्षेत्रीय_कनेक्टिविटी

