बजाग जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सुनपुरी का मामला…
डिंडौरी,रामसहाय मर्दन| जनपद पंचायत बजाग में भ्रष्टाचार चरम पर है जहां ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों को न जांच की चिंता,न कार्रवाई डर! बता दें कि विगत दिनों साईड लुक समाचार पत्र में “नाला विस्तारीकरण के नाम पर 09 लाख 23 हजार रू. मौके में बिना कार्य गबन करने का आरोप! जांच करने में अखिर जिम्मेदारों में क्यों लग रहा है देरी…” शीर्षक के नाम से प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया गया था। वहीं खबर प्रकाशन के बाद अब ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों के द्वारा भ्रष्टाचार छुपाने जेसीबी मशीन से लीपापोती किया जा रहा है।
गौरतलब यह है कि जिले में उच्च अधिकारियों के उदासीनता के चलते भ्रष्टाचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है, यहां आए दिन कुछ न कुछ भ्रष्टाचार के मामले समाचार पत्र में सुर्खियां बटोर रहे है। चाहे जिले का कोई भी विभाग हो सभी विभागों में भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है और इन पर अंकुस लगा पाना जिला प्रशासन को टेड़ी खीर साबित हो रहा है। अब आलम यह है कि कार्रवाई के नाम से सिर्फ खानापूर्ति कर कागजों में ही कार्रवाई सिमट जा रही है।
ये रहा पूरा मामला…
दरअसल यह मामला बजाग जनपद के ग्राम पंचायत सुनपुरी का है । जहां ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा बिना कार्य कराए ही नाला विस्तारीकरण के नाम से 09 लाख 23 हजार रुपए की राशि आहरण कर ली गई और मौके पर कार्य ही नहीं हुआ हैं।

बता दें कि जिले के बजाग जनपद के ग्राम पंचायत सुनपुरी में जनवरी 2024 में नाला विस्तारीकरण का कार्य लमसा नाले में दर्शाया गया है, जिसमें 09 लाख 23 हजार रुपए की राशि मस्टर रोल के माध्यम से निकाली गई जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि उस नाले मे न तो कोई कार्य किया गया और न ही नाले का जीर्णोद्धार किया गया तो सवाल उठाता है कि आखिर यह राशि कहां गई।
वहीं उक्त मामले को लेकर साईड लुक समाचार पत्र ने प्रमुखता से उठाई गई जिसके बाद मामले की जांच के लिए जनपद स्तर पर दो सदस्यीय जांच टीम बनाई गई थी लेकिन समाचार प्रकाशन और जांच टीम गठित हुई 15 दिनों से ऊपर हो गए लेकिन अभी तक जांच टीम ने अपने रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है और अब ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक के द्वारा खबर प्रकाशन के बाद आनन—फानन में नाले का पानी भगाकर जेसीबी मशीन से लीपापोती किया जा रहा है जिसे देखकर लगता है कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों को न जांच की चिंता, न कार्रवाई डर है तभी तो अभी चल ही रहा है और ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव खुलेआम जेसीबी मशीन से लीपापोती का खेल खेला जा रहा है। आखिर कब इन भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बरहाल मामले की जानकारी जब बजाग जनपद पंचायत एसडीओ प्रियंका मरावी को दी गई तो उन्होंने कहा कि उक्त मामले की जानकारी लेकर चल रहे कार्य को बंद करती हूं।



