डिंडौरी| शासकीय शिक्षक संगठन ने जिले के करंजिया विकासखंड में कार्यरत कुशल कंप्यूटर ऑपरेटरों को कलेक्टर दर पर मानदेय देने की मांग की है। संगठन के जिला अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने कलेक्टर डिंडोरी एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को इस संबंध में पत्र प्रेषित किया है।
राम कुमार गर्ग ने बताया कि इन ऑपरेटरों द्वारा विगत 13 से 15 वर्षों से मात्र ₹5000 की अल्प राशि में सेवाएं दी जा रही हैं, जबकि मध्यप्रदेश शासन श्रम मंत्रालय इंदौर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं कि कुशल श्रमिकों को कलेक्टर दर पर भुगतान किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनजातीय कार्य विभाग को छोड़कर अन्य सभी विभागों में कंप्यूटर ऑपरेटरों को कलेक्टर दर पर मानदेय दिया जा रहा है। इस संबंध में श्रमायुक्त इंदौर तथा कलेक्टर नर्मदापुरम के आदेशों की प्रतिलिपि भी पत्र के साथ संलग्न की गई है। संगठन ने मांग की है कि अन्य विभागों की तरह जनजातीय कार्य विभाग में भी न्यायसंगत भुगतान सुनिश्चित किया जाए।



