पुलिस अधीक्षक, अति पुलिस अधीक्षक, महाविद्यालय के प्राचार्य, सिविल सर्जन सहित विद्यार्थी रहे मौजूद
डिंडौरी| आपदा जोखिम नियुनीकरण हेतु उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के हितधारकों के साथ कमान्डेंट मनोज कुमार शर्मा के कुशल दिशा-निर्देशन में 11 एनडीआरएफ वाराणसी की टीमें विभिन्न एजेंसियों के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए संयुक्त मॉक अभ्यास का आयोजन कर रही हैं। उसी कड़ी में डिंडौरी के शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय में 11 एनडीआरएफ वाराणसी से एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट दिनकर त्रिपाठी के नेतृत्व में ज़िला प्रशासन सिवनी एवं अन्य हितधारकों द्वारा संयुक्त रूप से भूकंप आपदा पर मॉक अभ्यास का आयोजन किया गया।
इस मॉक अभ्यास के दौरान भूकंप आपदा पर एक परिदृश्य को चित्रित किया गया, जिसमें महाविद्यालय की इमारत ढह गई थी और कुछ कर्मचारी और छात्र फंस गए थे। इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को घटना के बारे में सूचित किया गया, जिसने एनडीआरएफ के नियंत्रण कक्ष और सभी संबंधित हितधारकों को आपात प्रतिक्रिया के लिए सूचित किया। एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले भूतल पीड़ितों को प्रथम उत्तरदाताओं ने सुरक्षित निकाल लिया । घटना स्थल पर पहुंचने पर एनडीआरएफ की टीम ने प्रारंभिक आकलन किया और एक साथ ऑपरेशन बेस, कमांड पोस्ट, मेडिकल पोस्ट, कम्युनिकेशन पोस्ट स्थापित किये। आकलन के तुरंत बाद टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कटिंग उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए इमारत में क्षैतिज पहुँच बनाकर गंभीर रूप से फंसे पीड़ितों को बचाया । तीसरी मंजिल में फंसे अन्य पीड़ितों को विभिन्न रस्सी बचाव तकनीकों द्वारा बचाया गया। सभी पीड़ितों को तत्काल उपचार के बाद अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। यह पूरा मॉक अभ्यास इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम के दिशानिर्देशों के अनुसार आयोजित किया गया था और जिसके अनुसार पूरी प्रक्रिया का पालन किया गया। इस मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य भूकंप आपदा के दौरान प्रभावित हुए व्यक्तियों के अमूल्य जीवन की रक्षा करना, सभी रेस्पोंस एजेंसियों का रेस्पोंस चेक करना व सभी हित धारकों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करना तथा खोज, राहत व बचाव कार्य के संचालन में आने वाली कमियों की समीक्षा कर उन्हें दूर करना भी है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, अति पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम, अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुभाष बर्मन, प्रो. जे.आर. झारिया, जिला होमगार्ड कमांडेंट ललित कुमार उद्दे, एसडीओपी आकांक्षा उपाध्याय, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ.अजय राज, डिंडोरी तहसीलदार बिशन सिंह, यातायात प्रभारी राहुल तिवारी, नेहरू युवा केंद्र के आर.पी. कुशवाहा सहित शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय के छात्र छात्राएं मौजूद रहे।

