जनपद पंचायत बजाग अंतर्गत ग्राम पंचायत केवलारी का मामला…
डिंडौरी,रामसहाय मर्दन। इन दिनों बजाग जनपद पंचायत क्षेत्र के आने वाले ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्यों में खुलेआम मानक विहीन सामग्री से निर्माण कार्य किया जा रहा है। एक ओर गांव के विकास के लिए सरकार द्वारा लाखों रुपए खर्च कर ग्रामवासियों की सुविधा हेतु पानी निकासी के लिए ग्राम में नाली निर्माण का कार्य किया जाता है लेकिन ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव,रोजगार सहायक द्वारा उपयंत्री से मिलीभगत कर घटिया सामग्री का उपयोग कर नाली निर्माण में जमाकर घटिया निर्माण कर धांधली किया जा रहा है।

दरअसल बजाग जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवलारी में ग्राम पंचायत के द्वारा 17 लाख रू. की लागत से सीसी नाली निर्माण ग्राम पंचायत के सरपंच,सचिव,रोजगार सहायक और उपयंत्री के निगरानी में चल रहा है जहां जिम्मेदारों के द्वारा स्वयं को आर्थिक लाभ पहुंचाने की मंशा से घटिया सामग्री के उपयोग कर नाली निर्माण कराया जा रहा है,जो चंद दिनों में ही टूट कर क्षतिग्रस्त हो जाएगी। बता दे कि ग्राम पंचायत केवलारी के जिम्मेदारों को 17 लाख रू. की लागत से मजबूत नाली निर्माण कराना नहीं है बल्कि अपने जेब भरना है। तभी डस्ट,मिट्टी युक्त गिट्टी और मानक विहीन रेत से घटिया निर्माण कराया जा रहा है। यह हम नहीं निर्माण स्थल में पडे निर्माण सामग्री को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है।
मुद्दे की बात…
सोचिए कि किसी भी निर्माण कार्य की मूल्यांकन व जाँच उपयंत्री द्वारा की जाती है तभी उसकी गुणवत्ता का आंकलन होता है और वह निर्माण कार्य का मूल्यांकन करते हैं , लेकिन उपयंत्री की भी इस निर्माण कार्य में मूक सहमति मालूम होती है। क्योंकि जब संबंधित उपयंत्री को नाली निर्माण के संबंध में उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया तो अपना पक्ष बताना उचित नहीं समझे और फोन रिसीव नहीं किया।

क्या राजनैतिक रसूख व संरक्षण के चलते जिम्मेदार खुलेआम भ्रष्टाचार की बागडोर संभाल रहे….
ये हम नहीं बल्कि ग्राम पंचायत केवलारी सचिव खुद कह रहे है कि नाली निर्माण में जो निर्माण सामग्री का उपयोग हो रहा है वह जिला पंचायत अध्यक्ष के द्वारा भिजवाया जा रहा है। अध्यक्ष साहब के द्वारा जैसे निर्माण सामग्री भेजी जाएगी उसी नाली निर्माण किया जाएगा यह कहना है ग्राम पंचायत सचिव पूरन सिंह मार्को का। इससे तो यही प्रतीत होता है कि जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मिलीभगत से ही ग्राम पंचायतों में घटिया निर्माण कर भ्रष्टाचार किया जा रहा है । अब देखना यह है कि सरपंच, सचिव ,रोजगार सहायक और उपयंत्री के भ्रष्टाचार पर वरिष्ठ अधिकारी व जनपद सीईओ द्वारा कोई ठोस कर्रवाई की जाती है या फिर कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जाती है।
इनका कहना है”
उक्त नाली निर्माण कार्य को अभी तत्काल उपयंत्री को भेजकर दिखवाता हूं।
मुंशी लाल धुर्वे, सीईओ जनपद पंचायत बजाग।
जो सीसी नाली निर्माण चल रहा है,उसे मैं नहीं देखी हूं मौके जाकर देखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रियंका मरावी, एसडीओ जनपद पंचायत बजाग।

