डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| नवागत प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) तीरथ सिंह परस्ते ने आज करंजिया विकासखंड अंतर्गत सभी माध्यमिक, प्राथमिक और एकीकृत माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों की बैठक आयोजित कर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शासन, लोक शिक्षण संचालनालय एवं आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी आदेशों का गहन अध्ययन करते हुए शालाओं में रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की विधिवत नियुक्ति की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शैक्षणिक गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और आवश्यकतानुसार विषयवार शिक्षकों की व्यवस्था की जाए।
बीईओ परस्ते ने बताया कि माध्यमिक शालाओं में कम से कम 3 शिक्षक, प्राथमिक विद्यालयों में 2 शिक्षक और कक्षा 1 से 8 तक संचालित एकीकृत विद्यालयों में 5 शिक्षक साथ ही कक्षा 1 से 10वीं तक के विद्यालयों में 8 शिक्षक विषयानुसार नियुक्त किए जाएं।उन्होंने कहा कि पूर्व से कार्यरत अतिथि शिक्षकों का चयन स्कोर कार्ड और प्रशिक्षण योग्यता (डीएड, बीएड) के अंकों के आधार पर किया जाए। एक ही विषय में दो शिक्षक होने पर अधिक स्कोर वाले को प्राथमिकता मिलेगी। हायर सेकेंडरी शालाओं में भी विषयानुसार नियुक्तियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी नियुक्तियाँ ईएचआरएमएस पोर्टल पर दर्ज करते हुए शाला प्रबंधन समिति की बैठक के माध्यम से की जाएं। बीईओ ने चेतावनी दी कि शासन के निर्देशों की अनदेखी या नियमविरुद्ध भर्ती पर संबंधित प्राचार्य या प्रधान पाठक को उत्तरदायी मानते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि शासन की मंशानुसार शैक्षणिक गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी स्कूल प्रमुखों को इस दिशा में जिम्मेदारी से कार्य करना होगा।



