नई दिल्ली. आज भारतीय हर जगह सफलता के झंडे गाड़ रहे हैं. कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों की कमान भारतीय मूल के लोगों के हाथ में है. गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई (Sundar Pichai) भी इनमें से एक है. तमिलनाडु के एक साधारण परिवार में जन्में पिचाई आज अरबों रुपये कमाते हैं. वे काफी आलीशान जिंदगी जीते हैं. पिचाई जिस घर में रहते हैं, उसकी कीमत आज 10,000 करोड़ रुपये (Sundar Pichai House Price) से ज्यादा है. 37.17 एकड़ में फैले इस घर में सुख-सुविधा की हर चीज मौजूद है.
सुंदर पिचाई का यह महलनुमा घर कैलिफोर्निया के लॉस अल्टोस में है. इस घर में एक इन्फिनिटी पूल, एक जिम, स्पा, एक वाइन सेलर हैं. इसमें एक टेनिस कोर्ट और एक छोटा गोल्फ मैदान भी है. घर की बिजली सप्लाई सौर ऊर्जा से होती है और इसके लिए इसमें बहुत से सोलर पैनल लगे हुए हैं. पिचाई ने यह घर कुछ साल पहले 4 करोड़ डॉलर में खरीदा था. इस प्रॉपर्टी की कीमत कुछ ही वर्षों में बहुत ज्यादा बढ़ गई है और इसकी वर्तमान कीमत 10,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो गई है. इस आलीशान घर के अलावा पिचाई के पास वेस्टविंड वे और ला पालोमा रोड के दक्षिण-पश्चिम में 3.17-एकड़ भूमि भी है.
मिसेज पिचाई ने दिया नया लुक
इस घर का इंटीरियर सुंदर पिचाई की पत्नी अंजलि पिचाई ने डिजाइन किया है. खबरों के अनुसार इंटीरियर पर 49 करोड़ रुपये खर्च कर इसे शानदार लुक दिया गया. सुंदर पिचाई का जन्म 10 जून 1972 को तमिलनाडु के मदुरै में हुआ था. उनके पिता इलेक्ट्रिकल इंजीनियर और माता स्टैनोग्राफर थीं. सुंदर अशोक नगर के जवाहर विद्यालय सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की और आईआईटी खड़गपुर से बी.टेक किया. सुंदर ने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से एमएस एवं व्हार्टन स्कूल ऑफ यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया से एमबीए भी किया है.
अरबों रुपये कमाई
पिचाई दुनिया के उन टॉप सीईओ में हैं जिन्हें अरबों रुपये सैलरी के तौर पर मिलते है.पिचाई दुनियाभर के टॉप 10 सबसे अमीर प्रोफेशनल मैनेजर्स की लिस्ट में शामिल हैं. सुंदर ने 2004 में गूगल ज्वाइन किया था. 2015 में उन्हें गूगल का सीईओ बनाया गया था. इसके बाद 2019 में उन्हें अल्फाबेट इंक का सीईओ बनाया गया. गूगल जैसी कंपनी की कमान संभालने वाले सुंदर पिचाई मोटी कमाई करते हैं. पिचाई को साल 2022 में 1,854 करोड़ रुपये वेतन मिला था. सुंदर पिचाई के पास दुनिया की लग्जरी कारों का अच्छा-खासा कलेक्शन है. इनमें पोर्श, बीएमडब्ल्यू, रेंज रोवर और मर्सिडीज बेंज शामिल हैं.

