डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिले के ग्राम चांदरानी से बीजापुरी (समनापुर मार्ग) तक की सड़क की दुर्दशा को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत पत्र लिखकर सड़क बनवाने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि यह कच्ची सड़क वर्षा ऋतु में कीचड़ युक्त हो जाती है, जिससे आवागमन ठप हो जाता है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क से लगभग एक दर्जन से अधिक गांवों का आवागमन होता है और यह मार्ग स्कूली छात्रों, मरीजों और बुजुर्गों के लिए अत्यंत आवश्यक है। आसपास के गांवों के बच्चे इसी मार्ग से हायर सेकेंडरी स्कूल, हाई स्कूल और सीएम राईस स्कूल तक पहुंचते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण उन्हें शिक्षा में भी बाधा आ रही है।
मांग पत्र में उल्लेख है कि चांदरानी से बीजापुरी तक की सड़क लगभग 4 किलोमीटर लंबी है और यह क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क है। ग्रामीणों का कहना है कि पक्की सड़क के अभाव में विकास कार्य ठप पड़े हैं और लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द इस सड़क को पक्की करने की मांग की है ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो सके।



