डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने गुरुवार को ग्राम पिपरिया में प्राथमिक शाला और पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया।
विद्यालय में उपस्थिति और शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा…
प्राथमिक शाला पिपरिया में दर्ज 50 छात्र-छात्राओं में से 38 की उपस्थिति दर्ज की गई। कलेक्टर ने बच्चों से वन-टू-वन चर्चा कर गणित, भाषा और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे, जिनका बच्चों ने सटीक उत्तर दिया। बच्चों के प्रदर्शन से संतुष्ट होकर कलेक्टर ने शाला प्रभारी सुश्री संगीता उईके को आगामी राष्ट्रीय पर्व पर सम्मानित करने के निर्देश जिला परियोजना समन्वयक (DPC) को दिए।
मध्याह्न भोजन में लापरवाही पर नोटिस…
निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन योजना में भी अनियमितता पाई गई। भोजन का मीनू निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं पाए जाने पर भोजन प्रदायक स्व-सहायता समूह इंदिरा बजाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रसोई कक्ष की सफाई और विविधता पूर्ण सब्जियों के साथ पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश रसोई कार्यकर्ताओं को दिए गए।
ग्राम पंचायत कार्यालय में पारदर्शिता के निर्देश…
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कार्यालय का निरीक्षण भी किया, जहां उन्होंने सरपंच श्रीमती सरिता पट्टा एवं सचिव लक्ष्मण सिंह धुर्वे को मनरेगा योजना और अन्य निर्माण कार्यों की अद्यतन सूची ग्राम पंचायत कार्यालय में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही हितग्राहीमूलक योजनाओं की सूची भी पंचायत कार्यालय में चस्पा करने के आदेश दिए गए।
निरीक्षण दल में अधिकारीगण रहे मौजूद…
इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, जनपद सीईओ एमएल धुर्वे, तहसीलदार बजाग भरत सिंह बट्टे, डीपीसी रावेन्द्र मिश्रा, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री एमएस धुर्वे, बीईओ तीरथ परस्ते, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमेश मरावी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्याम सिंगौर, पीएमजीएसवाय के जेपी मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



