मुख्य अतिथि चुरहट विधायक राहुल भैया, अध्यक्षता अमरपाटन विधायक दादा भाई करेंगे
साईडलुक, (रामकुमार रजक) मैहर। धार्मिक श्रद्धा, सामाजिक सरोकार और राजनीतिक जागरूकता के अद्भुत मेल का भव्य आयोजन 20 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत भेड़ा में होने जा रहा है। स्वर्गीय श्री रामवतार उर्मलिया एवं स्वर्गीय श्रीमती सियाबाई उर्मलिया की पुण्य स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘लोकतंत्र बचाओ महासम्मेलन’ के साथ भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा होगी। क्षेत्र में व्यापक उत्साह व्याप्त है।
20 अप्रैल को दोपहर 11 बजे श्री मड़फहा महादेव मंदिर से शुभारंभ
कार्यक्रम संयोजक पं. रामनिवास उर्मलिया ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मुख्य अतिथि चुरहट विधायक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल भैया’ रहेंगे। अध्यक्षता अमरपाटन विधायक एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ‘दादा भाई’ करेंगे। पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी, रामखेलावन पटेल, सुखेंद्र सिंह ‘बल्ला’ तथा जिला कांग्रेस कमेटी मैहर अध्यक्ष धर्मेश घई ‘रोमी भैया’ विशिष्ट अतिथि होंगे। आयोजन की मुख्य आयोजक श्रीमती ऊषा उर्मलिया (पूर्व सभापति, उद्योग एवं सहकारिता, जिला पंचायत सतना) हैं।
19 अप्रैल से धार्मिक अनुष्ठान, विकास कार्यों का लोकार्पण
19 अप्रैल को सुबह आठ बजे से श्री रामचरितमानस पाठ होगा। भव्य मंदिर निर्माण के तहत शिव प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। ग्राम भेड़ा में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।
राजा ही चोर हो तो सिपाही क्या करेगा’: अवैध खनन पर तीखा प्रहार
महासम्मेलन का मुख्य आकर्षण रहेगा, जिसमें पंच-सरपंच, किसान, मजदूर, हरिजन-आदिवासी वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित है। रामनिवास उर्मलिया ने कहा, “जब राजा ही चोर हो तो सिपाही क्या करेगा?” मैहर जिले में बेखौफ अवैध चूना पत्थर उत्खनन, ओवरलोड परिवहन से राजस्व क्षति एवं रेत के अवैध कारोबार पर बड़ा बयान दिया। जिला प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह खेल कब रुकेगा?
विशाल भंडारा, ‘भेड़ा चलो’ अभियान से ऐतिहासिक बनाने की तैयारी
दोपहर 11 बजे श्री मड़फहा महादेव मंदिर, संतोखरा तालाब, ग्राम भेड़ा में कार्यक्रम प्रारंभ होगा। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा रहेगा। ‘भेड़ा चलो’ नारे के साथ जनसंपर्क अभियान जोरों पर है। आयोजकों ने सभी वर्गों से उपस्थिति की अपील की है।
#लोकतंत्र_बचाओ_महासम्मेलन #भेड़ा_शिव_प्राण_प्रतिष्ठा #मैहर_भेड़ा_आयोजन #धार्मिक_आस्था #जनसरोकार #कांग्रेस_नेतृत्व #अवैध_खनन_विरोध #मध्यप्रदेश_समाचार #सतना_मैहर_न्यूज

