वेतन वृद्धि और श्रम अधिकारों की मांग को लेकर उग्र हुआ आंदोलन,
कई इलाकों में तनाव, प्रशासन अलर्ट पर
साईडलुक डेस्क। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर नोएडा में सोमवार को मजदूरों का प्रदर्शन अचानक हिंसक रूप ले बैठा। वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और श्रम कानूनों के पालन की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा आंदोलन उस समय बेकाबू हो गया, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव शुरू हो गया।
देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर कई वाहनों में आग लगा दी, पथराव किया और मुख्य मार्गों को जाम कर दिया। नोएडा के फेज-2 और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रशासन ने हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। कई जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी देखने को मिली।
इस बवाल का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा। दिल्ली-नोएडा मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन के मुताबिक, मजदूर लंबे समय से वेतन असमानता और कार्य परिस्थितियों को लेकर नाराज थे। हाल ही में पड़ोसी राज्य हरियाणा में वेतन वृद्धि के बाद यह असंतोष और बढ़ गया, जिसके चलते आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने उच्चस्तरीय बैठक कर श्रमिकों की मांगों पर विचार शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही समाधान निकालकर हालात को सामान्य किया जाएगा।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

