नजूल नामांतरण में बिना समन शुल्क वसूले ही हो रहा था खेल, दो डिप्टी कलेक्टरों की जांच टीम गठित
साईडलुक, जबलपुर। जिले में राजस्व प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने और आम जनता को पारदर्शी सेवाएं देने के संकल्प के तहत कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने आज आधारताल तहसील कार्यालय में औचक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया। दोपहर में अचानक पहुंचे कलेक्टर ने सीधे तहसीलदार न्यायालय और अनुविभागीय राजस्व अधिकारी न्यायालय में लंबित राजस्व प्रकरणों की फाइलें तलब कीं और एक-एक कर समीक्षा शुरू कर दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे ज्यादा ध्यान नजूल नामांतरण के प्रकरणों पर केंद्रित किया। फाइलों की गहन जांच में यह गंभीर अनियमितता सामने आई कि कई प्रकरणों में नियमानुसार उचित समन शुल्क जमा कराए बिना ही नामांतरण की कार्रवाई पूरी की जा रही थी। शासन के राजस्व को सीधे नुकसान पहुंचाने वाली इस लापरवाही को कलेक्टर ने बेहद गंभीरता से लिया।
मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने आधारताल के राजस्व निरीक्षक अंबकेश्वरधर बड़गैया को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं इस पूरे मामले में प्रथम दृष्टया पर्यवेक्षण में लापरवाही बरतने पर तहसीलदार आधारताल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उनसे निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।
कलेक्टर ने इतने पर ही विराम नहीं लगाया। उन्होंने नजूल नामांतरण से जुड़े सभी प्रकरणों की बारीकी से जांच के लिए एक विशेष जांच दल का भी गठन कर दिया है। इस जांच दल में डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मोनिका बाघमारे और डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रगति गनवीर को शामिल किया गया है। यह दल आधारताल तहसील न्यायालय में दर्ज समस्त नजूल नामांतरण प्रकरणों की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी कठोर कार्रवाई संभावित मानी जा रही है।
कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्व न्यायालयों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों के हितों से जुड़े नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे मामलों में पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता जरूरी है। इस औचक कार्रवाई के बाद पूरे तहसील परिसर में हड़कंप की स्थिति रही और अन्य तहसीलों में भी प्रशासनिक अमले में इस सख्त संदेश का असर देखा जा रहा है।

