अधिकारियों ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश, 46 आवेदक दूसरी बार पहुंचे अपनी फरियाद लेकर
साईडलुक, जबलपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान जिले भर से आए लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 46 आवेदन ऐसे थे जो पहले भी आ चुके थे और जिनके निराकरण के लिए आवेदक दोबारा जनसुनवाई में पहुंचे थे।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। लोगों ने नामांतरण, सीमांकन, अवैध कब्जा हटाने, अतिक्रमण, नक्शा सुधार और अन्य राजस्व प्रकरणों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। इसके अलावा आधार कार्ड में सुधार से जुड़े आवेदन भी बड़ी संख्या में सामने आए। कई आवेदकों ने निजी भूमि पर अवैध कब्जे और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
अधिकारियों ने जनसुनवाई में आए प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समय सीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि दोबारा आए आवेदनों को प्राथमिकता पर लेकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर नीता राठौर, अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

