कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या की अध्यक्षता में जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न…
डिंडौरी,राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या की अध्यक्षता में स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए जारी निरीक्षण रोस्टर की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। उक्त बैठक में सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा,एसडीएम बजाग वैद्यनाथ वासनिक, सीएमएचओ डॉ रमेश मरावी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या के निर्देशानुसार सभी विभाग प्रमुखों ने इस सप्ताह जिले के समस्त स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। जिसके प्रतिवेदन पर आज कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने स्वास्थ्य केन्द्रों की वस्तुस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने भवन की स्थिति, मरम्मत योग्य भवन, किराये में संचालित भवन, बिजली उपलब्धता, पेयजल उपलब्धता, बॉउंड्री वाल, पहुंच मार्ग, आवश्यक जाँच उपलब्धता, स्टाफ की मौजूदगी, दवाई उपलब्धता, टीकाकरण सुविधा, संस्थागत प्रसव, अपशिष्ट प्रबंधन, पंजी सहित अन्य मानकों की समीक्षा की। निरीक्षण के लिए आवंटित स्वास्थ्य केंद्रों के अनुसार सम्बंधित अधिकारियों ने जाँच में पायी गयी समस्या और सुझाव को प्रस्तुत किया। जाँच के दौरान अधिकारियों ने पेयजल समस्या, भवन समस्या, स्टाफ की कमी, अपशिष्ट प्रबंधन सहित अन्य मुद्दों को प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्रीमती मारव्या ने सीएमएचओ को निर्देशित करते हुए कहा कि निरीक्षण में पायी कमियों में सुधार लाना सुनिश्चित करें, फोटो युक्त स्टाफ पटल की सूची दीवार पर पेंट करवाये, सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध जाँच टेस्ट की सूची चस्पा करवायें, उन्होंने सीएमएचओ को स्वास्थ्य केंद्र के स्टॉक रजिस्टर सहित सभी प्रकार के रजिस्टर प्रबंधित करने एवं एक्सपायरी डेट की दवाई के सम्बन्ध में आदेश जारी करने के लिए निर्देशित किया।
कलेक्टर श्रीमती मारव्या ने निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ को मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करवायें। उन्होंने कहा कि जिन स्वास्थ्य केंद्र के लिए भवन की स्वीकृति आ चुकी है, उनके लिए आवश्यक अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करें, साथ ही स्वास्थ्य सुधार से सम्बंधित सभी विभाग से समन्वय कर स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था को दुरुस्त करें।
कलेक्टर श्रीमती मारव्या ने कहा कि निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारी कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, उन्होंने अपशिष्ट प्रबंधन, जाँच उपकरण,पेयजल उपलब्धता आदि व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के आवश्यक निर्देश दिए, जिसके लिए सुधार कार्यों में प्रगति की समीक्षा एक माह बाद की जाएगी।



