साईडलुक, राष्ट्रीय डेस्क। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ को लेकर समाजवादी पार्टी झूठ फैला रही है और कांग्रेस व सपा मिलकर सनातन धर्म और प्रयागराज में होने वाले इस आयोजन के खिलाफ बोल रहे हैं।
मृतकों की संख्या छुपाने का लगाया आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महाकुंभ भगदड़ को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस हादसे की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार हादसे में मारे गए लोगों की सही संख्या क्यों नहीं बता रही है? अखिलेश यादव ने आगे कहा, “सरकार को हादसे का समय पहले से पता था। अगर यह रात एक बजे हुआ था और एंबुलेंस सुबह ग्यारह बजे तक आती रहीं, तो मरने वालों की संख्या कितनी ज्यादा हो सकती है? कई श्रद्धालु स्नान भी नहीं कर पाए और उन्हें वापस जाना पड़ा। मुख्यमंत्री ने सौ करोड़ लोगों के लिए इंतजाम की बात कही थी, लेकिन अब इसे साजिश बताया जा रहा है। ऐसे अधिकारियों को केंद्र सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।”
पारदर्शिता से जांच हो
अखिलेश यादव ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की बहस में भाग लेते हुए महाकुंभ भगदड़ में मरने वालों की सही संख्या को सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को ईमानदारी से हादसे में मारे गए लोगों, घायलों के इलाज और पूरे इंतजामों की सही जानकारी देनी चाहिए।
कड़ी कार्रवाई करने की मांग
सपा अध्यक्ष ने मांग की है कि महाकुंभ में हुई भगदड़ की जांच के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए और डिजास्टर मैनेजमेंट व खोया-पाया केंद्र की जिम्मेदारी सेना को दी जाए। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

