जबलपुर। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जानकारी दी है कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने जबलपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र की पारेषण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने माढ़ोताल (रिमझा) स्थित 132 केव्ही सबस्टेशन में दो नए 132 केव्ही सर्किटों का निर्माण कर उन्हें सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया है। इससे पहले इस सबस्टेशन में दो 132 केव्ही सर्किट पहले से ही क्रियाशील थे। अब यहां कुल चार सर्किट उपलब्ध हो गए हैं।
235 लाख रुपये की अनुमानित लागत में हुआ कार्यान्वयन
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बताया कि इस परियोजना के तहत लगभग 235 लाख रुपये की लागत से डबल सर्किट डबल स्ट्रिंगिंग ट्रांसमिशन टावर और सबस्टेशन में दो नए सर्किटों का निर्माण कर उन्हें ऊर्जीकृत किया गया है। इस उन्नयन से जबलपुर शहर की विद्युत आपूर्ति पहले से अधिक लचीली और विश्वसनीय हो गई है। उन्होंने इस सफलता के लिए एमपी ट्रांसको के समस्त कार्मिकों को बधाई दी है।
अब चार सर्किटों से होगी माढ़ोताल सबस्टेशन को आपूर्ति
एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता अमर कीर्ति सक्सेना ने बताया कि नई व्यवस्था के अंतर्गत अब माढ़ोताल सबस्टेशन को जबलपुर एवं पनागर स्थित 220 केव्ही सबस्टेशनों से डबल सर्किट के माध्यम से कुल चार 132 केव्ही सर्किटों से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इससे किसी एक फीडर के रखरखाव या तकनीकी बाधा के दौरान भी माढ़ोताल की विद्युत व्यवस्था पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
इन क्षेत्रों को मिलेगा फायदा
इस परियोजना के पूर्ण होने से माढ़ोताल, जेपी नगर, लेमा गार्डन, कठौंदा, रामेश्वरम सहित ग्रामीण क्षेत्रों के कटंगा और सिहोरा जैसे इलाकों के उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

